जोधपुर पुलिस जिला पश्चिम की राजीव गांधी नगर थाना टीम ने चौखा क्षेत्र में स्थित एक आवासीय कॉम्पलेक्स में किराए के एक फ्लैट में चल रहे अवैध हुक्का बार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अरिहंत आंगन में दबिश देकर भारी मात्रा में हुक्के और अलग-अलग तरह के तंबाकू फ्लेवर बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में एक चौंकाने वाला खुलासा यह भी हुआ कि पकड़ में आया आरोपी न केवल उस फ्लैट में आने वाले लोगों को हुक्का पिलाता था, बल्कि ऑर्डर मिलने पर पूरे शहर में इसकी होम डिलीवरी भी करता था। डीसीपी (पश्चिम) कमल शेखावत ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार नजर रखी जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि चौखा इलाके में स्थित अरिहंत आंगन आवासीय परिसर के एक फ्लैट में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। पुख्ता सूचना के आधार पर एसीपी (पश्चिम) रविन्द्र बोथरा के सुपरविजन और राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रविन्द्र पाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। एएसआई पुंजराज सिंह के साथ अन्य की टीम ने अरिहंत आंगन स्थित उस फ्लैट पर दबिश दी, जहां अवैध रूप से हुक्के की महफिल सजी हुई थी। 20 हुक्के और 29 फ्लेवर जब्त पुलिस टीम ने मौके से भारी मात्रा में हुक्का बार की सामग्री जब्त की है। इनमें कुल 9 बड़े हुक्के और 11 छोटे हुक्कों सहित 20 हुक्के बरामद किए। इसके साथ ही अलग-अलग प्रकार के 29 तंबाकू फ्लेवर और हुक्का बार में प्रयुक्त होने वाला अन्य साजो-सामान भी जब्त किया गया। पुलिस ने इन सभी सामग्रियों को कब्जे में लेकर एफआईआर दर्ज की है। दिल्ली का शातिर जोधपुर में चला रहा अवैध बार मौके से पुलिस ने हुक्का बार संचालित करने वाले मुख्य आरोपी को पकड़कर पूछताछ की तो पता चला कि यह पश्चिम दिल्ली के सुदर्शन पार्क रमेश नगर निवासी मोहम्मद जैद (20) पुत्र मोहम्मद नसीम है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर गहनता से छानबीन की, तो उसने बताया कि वह इस फ्लैट में आने वाले ग्राहकों को हुक्का पिलाने का काम करता था। इसके अलावा, वह फोन पर ऑर्डर लेकर जोधपुर शहर के अलग-अलग इलाकों में फ्लेवर्ड तंबाकू हुक्के की होम डिलीवरी भी करता था। इस पूरी कार्रवाई में राजीव गांधी नगर थानाधिकारी व एएसआई सिंह के साथ हेड कांस्टेबल सवाई सिंह, कांस्टेबल विरेन्द्र सिंह, महिपाल, महिला कांस्टेबल सरोज बाला और कांस्टेबल दिनेश सोढा भी शामिल रहे। इनमें कांस्टेबल विरेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही।