जोधपुर में 5 तारीख को हुई एलडीसी भर्ती परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी को एसओजी यूनिट की ओर से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बाड़मेर के खिलाफ उदयमंदिर थाने में मामला भी दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी रामचंद्र (23) पुत्र ताजाराम, पाबुदानपुरा बाधा का निवासी है। दरअसल, आरोपी ने 19 सितंबर 2025 को हुई फोर्थ ग्रेड परीक्षा 2024 में डमी अभ्यर्थी के रूप में बैठकर परीक्षा दी थी। इसके बाद जोधपुर में LDC की परीक्षा देने पहुंचा तो बायोमेट्रिक जांच में इसका खुलासा हुआ। टीम ने जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में स्थित राज्यकीय अल्प भाषा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में परीक्षा देने के लिए आए अभ्यर्थी रामचंद्र को गिरफ्तार किया। आरोपी ने डमी परीक्षा दी थी। उसने 19 सितंबर 2025 को फोर्थ ग्रेड परीक्षा में श्रवण नाम के व्यक्ति की जगह बैठकर परीक्षा दी थी। उस परीक्षा में इस गड़बड़ी का पता किसी को नहीं चला था, लेकिन जब 5 जुलाई 2026 को वह परीक्षा देने के लिए जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के एक केंद्र पर पहुंचा तो यहां पर फिंगरप्रिंट और फोटो वेरिफिकेशन का काम ऑनलाइन किया गया। इस दौरान AI ने उसकी गड़बड़ी को पकड़ लिया एसओजी को AI के जरिए पता चला कि जिस अभ्यर्थी ने श्रवण कुमार नाम से परीक्षा दी थी वह अब रामचंद्र नाम से परीक्षा देने आया है। इस पर टीम की ओर से स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई उससे मिली सूचना के आधार पर टीम ने उसे चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेंटर से परीक्षा देने के बाद बाहर आते समय पकड़ लिया। जब उससे पूछताछ की गई तब उसने बताया कि 19 सितंबर को उसने श्रवण कुमार के स्थान पर फोर्थ ग्रेड परीक्षा दी थी उस परीक्षा का सेंटर उम्मीद कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोजती गेट जोधपुर था। इसकी पुष्टि होने के बाद जोधपुर पुलिस ने एसओजी को भी सूचना दी। बाद में एसओजी की टीम उसे अपने साथ लेकर चली गई वहीं उसके खिलाफ उदय मंदिर थाने में थाना अधिकारी ईश्वर चंद्र पारीक की ओर से मामला दर्ज करवाया गया है। अब उससे इस पूरे मामले को लेकर एसओजी की टीम पूछताछ कर रही है। आरोपी ने श्रवण कुमार पुत्र खेराज राम जिसे 4th ग्रेड भर्ती में फॉर्म भरा था। उसकी जगह पर बैठकर परीक्षा दी थी। उसने श्रवण की जगह खुद की फोटो लगाकर परीक्षा में शामिल हो गया था। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।