जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल में गर्मी का असर बढ़ने के साथ ही आंखों में एलर्जी से संबंधित मरीज भी बढ़ने लगे हैं। इसके अलावा, मोबाइल इस्तेमाल करने वाले बच्चों की संख्या भी बढ़ने लगी है। हॉस्पिटल में इन दिनों एलर्जी और बच्चों का स्क्रीन टाइम बढ़ने से हो रही परेशानियों के मरीज 20 प्रतिशत तक बढ़ चुके हैं। यहां पर ओपीडी 300 के पार हो गई है, जिसके चलते मरीज़ों की भीड़ इन दिनों हॉस्पिटल परिसर में नजर आ रही है। इसी को लेकर हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने सावधान रहने और आंखों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने का आह्वान किया है। 45 डिग्री के करीब पहुंचा पारा मथुरादास माथुर हॉस्पिटल आई डिपार्टमेंट की डॉक्टर सिमरन ने बताया- पारा 45 डिग्री के करीब पहुंच चुका हैं। इसके चलते हॉस्पिटल की ओपीडी में एलर्जी से संबंधित मरीज भी पहुंचने लगे हैं। ऐसे में इससे बचाव के लिए आंखों को ठंडे पानी से धोना चाहिए। इसके अलावा बर्फ से भी आंखों की सिकाई कर सकते हैं। जिसमें एक कपड़े में बर्फ के छोटे टुकड़े लेकर दस सैकेंड तक आंखों की सिकाई करें। इसके बाद दस सैकेंड का गैप दें, फिर सिकाई करें। दिन में ऐसा तीन से चार बार करें। स्क्रीन कम से कम यूज लें, यदि बच्चे स्क्रीन ज्यादा यूज ले रहे है तो उस पर कंट्रोल करें। शाम के समय बच्चों को फिजिकल एक्टिविटी करवाई जानी चाहिए। इसके अलावा यदि उनकी आंखों में लाली है या चिपचिपापन है तो उन्हें लेकर डॉक्टर को दिखाएं।