जोधपुर नगर निगम के पार्षदों चुनाव के परिणाम आने के बाद दोनों पार्टियों ने प्रत्याशियों की नए सिरे से बाड़ेबंदी शुरू कर दी है। जोधपुर में वार्ड 50 के एक बूथ पर दोबारा होने वाली वोटिंग से पहले भाजपा और कांग्रेस पार्षदों को शहर से बाहर दूसरे जिलों में ले जाया गया है। वहीं दूसरी तरफ ईवीएम मशीन में खराबी के कारण वार्ड नंबर 50 की काउंटिंग को सोमवार को होल्ड कर दिया था। यहां के एक बूथ 338 पर बुधवार यानी 16 सितंबर को दोबारा वोटिंग होगी, जिसके बाद 17 सितंबर को चुनाव परिणाम घोषित होगा। री-पोल के चलते वार्ड 50 का मुकाबला और दिलचस्प हो गया है और दोनों प्रमुख दलों की नजर इस बूथ के वोटों पर टिकी है। दरअसल, भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने बाड़ेबंदी तक की जगह बदलकर जीते हुए पार्षदों को दूसरे जिलों में ले गए है। हालांकि, दोनों ही दल दावा कर रहे हैं कि निर्दलीय प्रत्याशी उनके साथ ही है। लेकिन, किन-किन लोगों ने समर्थन किया है, इसका खुलासा नहीं कर रहे हैं। भाजपा ले गई उदयपुर, कांग्रेस के प्रत्याशी अजमेर-पुष्कर भाजपा ने वोटिंग के बाद ही प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर उन्हें बालोतरा के पास एक रिसॉर्ट में ले गई थी। वहीं कांग्रेस ने काउंटिंग से एक दिन पहले शहर के होटल में सभी प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी की थी। इधर, रिजल्ट आने के बाद अब दोनों दलों ने बाड़ेबंदी की जगह बदल दी है। बताया जा रहा है कि भाजपा प्रत्याशियों को उदयपुर ले गई है। वहीं, कांग्रेस भी अपने प्रत्याशियों को जोधपुर शहर से बाहर अजमेर-पुष्कर ले गई है। हालांकि, दोनों पार्टी दावा कर रही है कि जीते हुए निर्दलीय प्रत्याशी उनके साथ ही है। कल सुबह 7 से शुरू होगा मतदान, गुरुवार को आएगा परिणाम ईवीएम मशीन में खराबी होने की वजह से वार्ड 50 के 338 बूथ पर कल सुबह दोबारा मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन ने बताया कि एसडीएम जोधपुर उत्तर संजय गोयल को मतदान केंद्र के क्षेत्र का एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। कल सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय (सेक्टर-7), कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड (दायां भाग) में दोबारा मतदान होगा। इसके बाद 17 सितंबर सुबह 8 बजे वार्ड 50 के वोटों की गिनती की जाएगी।