जोधपुर के सरदारपुरा थाना क्षेत्र में प्लॉट खरीदने-बेचने के कमीशन को लेकर एक बुजुर्ग के घर पर देर रात 10-15 बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने घर पर तलवार, पिस्तौल और पेट्रोल बम से हमला करते हुए फायरिंग की। इसके बाद दहशत फैलाने के लिए बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ कर एक स्कूटी भी लूट ले गए। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। मामला शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे का है। जोधपुर की फर्स्ट बी रोड (बद्री पान वाली गली) निवासी मोहनसिंह पंवार (62) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया- रात के समय वह अपने घर की बालकनी में सो रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य अंदर कमरों में सो रहे थे। इसी दौरान घर के बाहर अचानक 10 से 15 बदमाश आ गए। इन बदमाशों के हाथों में खाली बोतलें, तलवारें, पिस्तौल और पेट्रोल से भरी बोतलें थीं। आते ही उन्होंने घर पर हमला कर दिया और जोर-जोर से गालियां देते हुए कहने लगे कि नीचे आ, तुझे पैसे देते हैं। प्लॉट की दलाली मांगना पड़ा भारी पीड़ित मोहनसिंह के अनुसार, इस पूरे हमले की मुख्य वजह प्लॉट की दलाली से जुड़ा विवाद है। पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि पीड़ित ने मुख्य आरोपी विजय वैष्णव नामक व्यक्ति को सरस्वती नगर में एक प्लॉट दिलवाया था। जब पीड़ित ने इस सौदे की अपनी मजदूरी और कमीशन के पैसे मांगे तो आरोपी ने पैसे देने के बजाय अन्य बदमाशों को साथ लेकर हमले की साजिश रची। घर पर फायरिंग होती देख पीड़ित डर कर अंदर भाग गया और पुलिस को फोन कर सूचना दी। दहशत फैलाने के लिए तोड़ी बाइक और भांजे की स्कूटी लूटी आरोपी अपने दो गाड़ियों में सवार होकर आए थे। उन्होंने घर के बाहर खड़ी एक बाइक को पूरी तरह से तोड़ दिया। हमलावर यहीं नहीं रुके, उन्होंने पीड़ित के भांजे मनीष से उसकी एक्सेस स्कूटी भी छीन ली और उसे लूट कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कुड़ी भगतासनी निवासी विजय वैष्णव, पीयूष, योगेश कच्छवाहा, जयेश वैष्णव, आकाश, सरदारपुरा निवासी अक्षय पटेल और मनोज सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एसआई दीपलाल को सौंपी गई है।