जोधपुर पुलिस ने एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब 2 वर्षों से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर जिला पुलिस अधीक्षक श्रीगंगानगर की ओर से 5000 रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छिप रहा था। जोधपुर ग्रामीण की विशेष टीम ने अभियान के तहत यह कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण पी.डी. नित्या ने बताया कि डीएसटी जोधपुर ग्रामीण ने पुलिस थाना सूरतगढ़, जिला श्रीगंगानगर में वांछित 5,000 रुपये के इनामी अपराधी महिपाल पुत्र मांगीलाल निवासी विष्णु की ढाणी चांदेलाव, पुलिस थाना कापरड़ा, जिला जोधपुर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी को जिला विशेष टीम के कॉन्स्टेबल पप्पूराम की सूचना पर डीएसटी व पुलिस थाना कापरड़ा ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया। आगे की जांच के लिए उसे पुलिस थाना राजियासर को सौंप दिया गया है।