जोधपुर के प्रमुख और सबसे व्यस्त बाजारों में से एक नई सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। शनिवार को पुलिस कमिश्नर शरत कविराज और डीसीपी (मुख्यालय-यातायात) शाहीन सी ने स्थानीय व्यापारियों के साथ नई सड़क से घंटाघर तक पैदल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाजार में यातायात, पार्किंग और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान बाजार से सड़क पर खड़े होने वाले ठेले हटा लिए गए। वहीं, व्यापारियों ने बरामदे भी खाली कर दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन सोनी सहित अन्य व्यापारी भी मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नर ने व्यापारियों से यातायात सुगम बनाने को लेकर सीधा संवाद किया। उनसे फीडबैक भी लिया। उन्होंने व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकानों के आगे बने बरामदों को पूरी तरह से खाली रखा जाए, ताकि पैदल चलने वाले आम नागरिक इन बरामदों का आसानी से उपयोग कर सकें। ऐसा होने से मुख्य सड़क पर राहगीरों की भीड़ कम होगी। सड़क का यातायात सुचारू रूप से चल सकेगा। खुली-खुली नजर आई सड़कें, आमजन ने ली राहत की सांस पुलिस की इस समझाइश और निरीक्षण का असर बाजार में साफ देखने को मिला। नई सड़क से घंटाघर तक आज सड़क का नजारा काफी बदला हुआ नजर आया। सड़क पर न तो यातायात का भारी दबाव था और न ही जगह-जगह ठेले खड़े नजर आए। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने खुशी जताई। स्थानीय व्यापारियों ने भी शहर के मुख्य बाजार को व्यवस्थित करने की पुलिस की इस सकारात्मक पहल का स्वागत किया है। शराब के ठेकों पर औचक जांच, पियक्कड़ों पर कार्रवाई यातायात और अतिक्रमण के निरीक्षण के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों ने असामाजिक तत्वों पर भी नकेल कसी। पुलिस कमिश्नर ने नई सड़क से घंटाघर के बीच स्थित शराब के ठेकों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई शराब के ठेकों पर लोग बैठकर शराब पीते हुए पाए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन शराबियों को मौके से पकड़ लिया। पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आमजन और व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात को बेहतर बनाने और अतिक्रमण हटाने की यह प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहनी चाहिए।