जोधपुर में उदयमंदिर थाना पुलिस ने एक ही नंबर प्लेट लगी दो स्कॉर्पियो पकड़ी है। दोनों गाड़ियों को थाने लाया गया। पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि एक ही नंबर प्लेट की दो स्कॉर्पियो थाना क्षेत्र के पब्लिक पार्क की पार्किंग में खड़ी थी। थाना अधिकारी सीताराम खोजा ने बताया- थाने में जब्त गाड़ियों की जांच करने पर सामने आया कि स्कॉर्पियो S 10 शरीफ इकबाल के नाम से रजिस्टर्ड है। वहीं S 11 स्कॉर्पियो उत्तरप्रदेश के मादाराम के नाम से दर्ज थी। इसके नंबर उत्तर प्रदेश के हैं। यूपी में ऑक्शन में खरीद कर लाए जोधपुर जानकारी के मुताबिक- स्कॉर्पियो उत्तरप्रदेश से ऑक्शन में चोलामंडलम के पास चली गई थी। इसके बाद जोधपुर में इस पार्टी ने इसे खरीद लिया था, लेकिन इसके नंबर उत्तरप्रदेश के ही थे। जिन्हें कागजी कार्रवाई पूरी नहीं होने की वजह से नहीं बदला जा सका था। इसके बाद यहां लाने पर पार्टी की ओर से स्कॉर्पियो पर नंबर प्लेट बदल दी गई। पुलिस अब इसे लेकर मामला दर्ज कर रही है।