राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा- रिफाइनरी की रिपेयरिंग का काम शुरू हो चुका है। डैमेज काफी सीमित (लिमिटेड) है। रिफाइनरी में निर्माण का काम करने वाली कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (LT) रिपेयरिंग का काम कर रही है। 50 इंजीनियर और 400 वर्कर्स की टीम लगी हुई है। बड़े इंजीनियरों की देखरेख में काम चल रहा है और उम्मीद है कि जल्द ही काम पूरा हो जाएगा। मई के दूसरे या तीसरे सप्ताह तक रिपेयरिंग का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। हादसे की जांच एचपीसीएल (HPCL) कंपनी कर रही है। शनिवार को मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास जोधपुर पहुंचे थे। टेक्नोलॉजी को प्रशासन के साथ जोड़ने का प्रयास श्रीनिवास ने कहा- मुझे आईआईटी जोधपुर के 'मरुधरा प्रतिबद्धता दिवस' समारोह में आमंत्रित किया गया है। टेक्नोलॉजी को प्रशासन के साथ किस तरह से जोड़ा जा सकता है, इस पर हमारा ध्यान है। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और एआई (AI) आधारित विभाग जैसे कुछ नए प्रोजेक्ट्स हम शुरू करने जा रहे हैं। आईआईटी के डायरेक्टर डॉ. अविनाश अग्रवाल ने इस बारे में चर्चा की थी, इसीलिए मैं यहाँ आया हूँ। विकसित राजस्थान और विकसित भारत के मुख्यमंत्री के संकल्प को कैसे पूरा कर सकते हैं, इसके रोड मैप और 'टाइम बाउंड' (समयबद्ध) प्रोजेक्ट्स पर विस्तृत चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री का जो विजन है— ‘अधिकतम शासन एवं न्यूनतम सरकार’, उसमें हर विभाग को डिजिटली एम्पावर (सशक्त) करना है। इस दिशा में आईआईटी का प्रयास सराहनीय है।