जोधपुर रेल मंडल से होकर गुजरने वाली चार ट्रेनों के संचालन समय में अगस्त की शुरुआत के साथ ही बदलाव किया गया है। नया टाइम टेबल शनिवार से लागू होगा। वहीं, रक्षाबंधन और अगस्त माह में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने जोधपुर मंडल से संचालित एवं गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में पूरे अगस्त माह के दौरान अस्थायी रूप से अतिरिक्त डिब्बे (एक्सट्रा कोच) लगाने का निर्णय लिया है। जबकि दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन पर चल रहे तकनीकी कार्य के चलते उत्तर पश्चिम रेलवे की पांच ट्रेनों का वहां निर्धारित अवधि तक ठहराव नहीं होगा। उत्तर पश्चिम रेलवे ने 1 अगस्त से जोधपुर मंडल से होकर गुजरने वाली 4 प्रमुख ट्रेनों की टाइम टेबल में आंशिक संशोधन किया है। इसके तहत कई स्टेशनों पर ट्रेनों के आगमन और रवाना होने के समय में 10 से 30 मिनट तक का बदलाव किया गया है। रेलवे का कहना है कि यह कदम ट्रेनों के संचालन को अधिक समयबद्ध बनाने और परिचालन में सुधार के उद्देश्य से उठाया गया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का नया समय जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके। 10 से 20 मिनट पहले पहुंचेगी जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 20485 जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस जैसलमेर से अपने निर्धारित समय सुबह 6.30 बजे रवाना होगी, लेकिन फलोदी, ओसियां, जोधपुर, भगत की कोठी, लूनी, दुंदाड़ा और समदड़ी स्टेशनों पर पहले की तुलना में 10 से 20 मिनट पहले पहुंचेगी और रवाना होगी। समदड़ी के बाद ट्रेन का समय यथावत रहेगा। इसी तरह ट्रेन संख्या 20491 जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस फलोदी तक अपने पुराने समय पर चलेगी, जबकि ओसियां, तिंवरी, मारवाड़ मथानिया, राईका बाग, जोधपुर, भगत की कोठी, लूनी और समदड़ी तक इसका संचालन 10 से 20 मिनट पहले होगा। समदड़ी के बाद ट्रेन की समय-सारिणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ये रहेगा नया समय 20485 जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस फलोदी 8.50/8.55 बजे, ओसियां 9.52/9.55 बजे, जोधपुर 11.30/11.40 बजे, भगत की कोठी 11.48/11.50 बजे, लूनी 12.12/12.15 बजे, दुंदाड़ा 12.38/12.40 बजे और समदड़ी 1.00/1.05 बजे पहुंचेगी व रवाना होगी। वहीं 20491 जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस फलोदी 6.15/6.20 बजे,मारवाड़ लोहावट 6.40/6.42 बजे,ओसियां 7.30/7.32 बजे, तिंवरी 7.48/7.50 बजे,मारवाड़ मथानियां 8.03/8.05 बजे,राईका बाग 8.40/8.42 बजे,जोधपुर 9/9.10 बजे, भगत की कोठी 9.20/9.22 बजे,लूनी 9.49/9.52 बजे और समदड़ी 10.40/10.45 बजे पहुंचेगी और रवाना होगी। काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस का भी बदलेगा टाइम इसके अलावा ट्रेन संख्या 15014 काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस अब जैसलमेर स्टेशन पर रात 11 बजे के बजाय 11.30 बजे पहुंचेगी। वहीं 12465 इंदौर-भगत की कोठी रणथंभौर एक्सप्रेस का भगत की कोठी आगमन समय 10.20 बजे से बदलकर 10.30 बजे कर दिया गया है। ट्रेनों में बढ़ेंगे एक्ट्रा कोच, यात्रियों को मिलेगी राहत रक्षाबंधन और अगस्त महीने में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने जोधपुर मंडल से संचालित एवं गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में पूरे अगस्त माह के दौरान अस्थायी रूप से अतिरिक्त डिब्बे (एक्सट्रा कोच) लगाने का निर्णय लिया है। अलग-अलग ट्रेनों में यह व्यवस्था 1 अगस्त से शुरू होकर अगस्त के अंत तक तथा कुछ मामलों में वापसी दिशा में सितंबर के शुरुआती दिनों तक प्रभावी रहेगी। उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार अतिरिक्त डिब्बों की वृद्धि से यात्रियों को अतिरिक्त सीटें मिल सकेंगी। इस अवधि में जयपुर-जोधपुर इंटरसिटी में 1 फर्स्ट एसी कम सेकंड एसी और 1 थर्ड एसी, जोधपुर-इंदौर-जोधपुर तथा इंदौर-भगत की कोठी-इंदौर में 2 स्लीपर व 3 सामान्य, जोधपुर-वाराणसी सिटी-जोधपुर मरुधर एक्सप्रेस की तीनों रेलसेवाओं में 1-1 थर्ड एसी,जोधपुर–दादर एवं भगत की कोठी-दादर में 1 थर्ड एसी व 2 स्लीपर,जैसलमेर-साबरमती-जैसलमेर तथा साबरमती-जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस में 2 थर्ड एसी व 1 स्लीपर, भगत की कोठी-तिरुच्चिराप्पल्ली-भगत की कोठी में 1 स्लीपर, श्रीगंगानगर-तिरुच्चिराप्पल्ली-श्रीगंगानगर में 1 थर्ड एसी, बीकानेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला-बीकानेर तथा दिल्ली सराय रोहिल्ला-जोधपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला में 1 थर्ड एसी, 1 स्लीपर व 1 सामान्य,जबकि जोधपुर–दिल्ली मंडोर सुपरफास्ट में 1 थर्ड एसी और 1 थर्ड एसी इकोनॉमी कोच जोड़े जाएंगे। दिल्ली कैंट पर तकनीकी कार्य, पांच ट्रेनों का ठहराव नहीं होगा दिल्ली मंडल के अंतर्गत दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन पर चल रहे तकनीकी कार्य के चलते उत्तर-पश्चिम रेलवे की पांच ट्रेनों का वहां निर्धारित अवधि तक ठहराव नहीं होगा। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया- दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 2 व 3 पर मेगा अपग्रेडेशन के कारण ट्रेन संख्या 22481, जोधपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला सुपरफास्ट का दिल्ली कैंट स्टेशन पर ठहराव 1 अगस्त से 13 अक्टूबर तक, ट्रेन संख्या 20487 बाड़मेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला सुपरफास्ट का 3 अगस्त से 13 अक्टूबर तक, ट्रेन संख्या 20983, भुज-दिल्ली सुपरफास्ट का 4 अगस्त से 13 अक्टूबर तक, ट्रेन संख्या 15013, जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस का 1 अगस्त से 13 अक्टूबर तक तथा ट्रेन संख्या 20984, दिल्ली सराय रोहिल्ला-भुज सुपरफास्ट का 1 अगस्त से 13 अक्टूबर तक नहीं होगा।