जोधपुर के पॉश इलाके सरदारपुरा में बुधवार शाम को एक कपड़ों के शोरूम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण शोरूम में आग भड़की थी। आग की तपन इतनी तेज थी कि वहां लगा एसी (AC) तक पिघल गया। यह हादसा शाम करीब 6:30 बजे सरदारपुरा स्थित 'विदेशी' शोरूम में हुआ, जिसे शाम 7 बजे तक पूरी तरह बुझा दिया गया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। फोटो में देखें आग से कितना हुआ नुकसान… एसी में लगी थी आग, धुंआ शोरूम में फैला चीफ फायर ऑफिसर जलज घासिया ने बताया कि वीदेसी नाम के कपड़े के शोरूम में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि आग एसी में लगी थी। इस आग से एसी तक पिघल गया। धुंआ भी शोरूम में फैल गया था। धुंआ उठता देख फायर सेफ्टी सिस्टम एक्टिव हो गया था, जिसकी वजह से आग नहीं ​फैल पाई। इस दौरान स्टाफ भी दौड़ा और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि इस दौरान वहां रखे कुछ कपड़े और इलेक्ट्रीक सामान को नुकसान जरूर पहुंचा है। स्टाफ ने जिन कपड़ों में धुंआ उठ रहा था, उन्हें भी बुझाने का प्रयास किया। इसके साथ ही आग की वजह से शीशे भी टूट गए थे।