जोधपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में प्लॉट को समतल कराने के लिए किए गए अवैध ब्लास्ट से मंडोर सहायक पुलिस उपायुक्त (एसीपी) ऑफिस की छत ढह गई। गनीमत रही कि ऑफिस में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता। घटना नागौर रोड पर नौ मील इलाके में शनिवार तड़के करीब ढाई से तीन बजे के बीच की है। मंडोर थानाधिकारी शेषकरण ने बताया कि एसीपी कार्यालय के पीछे एक पहाड़ीनुमा खाली प्लॉट है, जिसे समतल करने का काम करवाया जा रहा था। वहां की जमीन पथरीली होने के कारण ठेकेदार ने बिना उचित सुरक्षा उपायों के माइनिंग में काम आने वाले विस्फोटक से ब्लास्ट करवा दिया। इस दौरान कई बड़े-बड़े पत्थर उछलकर सीधे एसीपी ऑफिस की छत पर जा गिरे, जिससे छत भरभरा कर ढह गई। विस्फोट और हादसे के बाद वहां काम कर रहे मजदूर घबराकर मौके से भाग गए। थानाधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे कार्यालय के रीडर मदन सिंह जब वहां पहुंचे तो उन्हें घटना का पता चला। उन्होंने इसको लेकर पुलिस के उच्च अधिकारियों को जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। दो लोगों को किया दस्तयाब उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से दो लोगों को दस्तयाब किया है। ठेकेदार का नाम विक्रम गहलोत निवासी नयापुरा जोधपुर है। दस्तयाब किए गया एक व्यक्ति लक्ष्मण सियोल निवासी दईजर है। ठेकेदार ने यहां ब्लास्ट की कोई परमिशन नहीं ली थी। घटना को लेकर मंडोर थाने में एफआईआर दर्ज की जा रही है। जोधपुर में पुलिस कमिश्नरेट लागू होने से पहले से इस एसीबी ऑफिस में दुर्घटना थाना चलता था। इसकी बिल्डिंग करीब 20 साल से ज्यादा पुरानी है। यहां रात के समय कोई स्टाफ नहीं रहता है। फिलहाल यहां अनिल शर्मा एसीपी के पद पर तैनात हैं। बाहर बैठा ऑफिस का स्टाफ सुबह जब रीडर और अन्य स्टाफ एसीपी ऑफिस पहुंचा, तो कार्यालय की हालत देखकर दंग रह गए। छत का एक हिस्सा पूरी तरह टूट चुका था और जो हिस्सा बचा है, उसमें भी बड़ी दरारें आ गई हैं, जिनसे खतरे का डर बना हुआ है। फिलहाल मंडोर एसीपी ऑफिस का स्टाफ कार्यालय के बाहर खुले में बैठकर काम कर रहा है। एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटना स्थल से विस्फोटक और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि पुलिस इस बड़ी लापरवाही को लेकर अपनी ओर से केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई कर सकती है।