जोधपुर में मानसून की रफ्तार फिलहाल थमी हुई है। जिले में अब तक सामान्य से करीब 38 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। दिन में गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग की मानें तो 21 जुलाई बाद इससे राहत मिल सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान 37.3 और न्यूनतम तापमान 29.5 दर्ज किया गया। जोधपुर में मानसून की एंट्री के चार दिन बाद बारिश पर ब्रेक लग चुका है। हालांकि, मौसम विभाग ने आंधी-बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया था, लेकिन इसका असर शहर में देखने को नहीं मिला। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 19 जुलाई तक जोधपुर में 94.6 एमएम बारिश होती है, जो इस बार 56.5 एमएम ही हुई। ऐसे में अब तक सामान्य से 38.1 प्रतिशत कम बारिश हुई है। 21 जुलाई बाद बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना बनी हुई है। 19 और 20 जुलाई को आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहेगें और मौसम ड्राई रहेगा। 21 जुलाई से मौसम में बदलाव की संभावना है और बारिश के साथ धूलभरी आंधी की संभावना जताई गई है। 22 से 24 जुलाई के बीच बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान में भी 1-2 डिग्री सेल्सियस गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 22 के बाद जोधपुर के साथ ही बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है।