जोधपुर में फिलहाल मानसून नहीं पहुंचा है, लेकिन उसका असर दिखने लगा है। पिछले दो-तीन दिन में मौसम में बदलाव देखने को मिला और बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन भी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 12 जुलाई तक आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को भी बादल छाए हुए हैं और मौसम सुहावना बना हुआ है। इससे शहरवासियों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। वहीं सोमवार को शहर में सुबह से ही मौसम में बदलाव दिखा। सुबह करीब 11 बजे अचानक बादल छाए और अंधेरा हो गया। इसके बाद आंधी के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। सोमवार को 21.4 एमएम बारिश हुई। दोपहर तक बारिश के बाद भी बादलों की आवाजाही रही। अधिकतम तापमान 5.5 डिग्री गिरकर 33.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। यह औसत अधिकतम तापमान से 2.6 डिग्री कम रहा। ग्रामीण इलाकों में भी हुई अच्छी बारिश जोधपुर के ग्रामीण इलाकों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। सोमवार को झंवर में 53, लूणी में 44, कुड़ी भगतासनी में 23, शेखला में 18 एमएम पानी बरसा। हालांकि 2 दिन बारिश के बाद भी विभाग ने जोधपुर में मानसून के प्रवेश की घोषणा नहीं की है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का रविवार से मूवमेंट शुरू हुआ था। इससे पूर्वी हवाएं चलीं। इनके साथ जोधपुर की तरफ बादल व नमी पहुंची और बारिश की संभावना बनी।