जोधपुर में तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रहे बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ड्राइवर डंपर लेकर मौके से भाग छुटा। आक्रोशित लोगों ने मौके पर रास्ता रोककर जाम लगा दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची लूणा थाना पुलिस डंपर और ड्राइवर की तलाश में जुट गई है। घटना लूणी थाना क्षेत्र स्थित मोगड़ा-सरेचा रोड पर गुरुवार सुबह 11:30 बजे की है। जहां आक्रोशित लोगों ने गांव की सड़क के बीच ट्रैक्टर-टैंकर खड़ा करने के साथ ही अन्य सामान रखकर विरोध जता रहे हैं। ग्रामीण डंपर ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। पहले देखिए, घटना से जुड़ी PHOTO'S ड्राइवर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से डंपर चलाने का आरोप लूणी थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि सरेचा निवासी कैलाश पटेल (23) पुत्र सांवलराम पटेल आज (23 अप्रैल) सुबह 11:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल से सरेचा से मोगड़ा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान मोगड़ा-सरेचा रोड पर सामने से आ रहे एक डंपर ड्राइवर ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डंपर की टक्कर से बाइक सवार कैलाश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज से डंपर की तलाश दुर्घटना की सूचना मिलने पर थानाधिकारी सुरेश चौधरी और उप निरीक्षक गोविंद राम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मुआयना करने के बाद जांच शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल घटनास्थल और उसके आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर टक्कर मारने वाले डंपर का पता लगाने का प्रयास कर रही है।