जालोर में गृह जिले में काम कर रहे थर्ड ग्रेड टीचर्स ने जिले के अंदर ट्रांसफर की मांग को लेकर मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग को ज्ञापन सौंपा। टीचर्स ने कहा कि लंबे समय से थर्ड ग्रेड टीचर्स के ट्रांसफर नहीं हुए हैं। इससे शिक्षकों में नाराजगी है और उन्हें दूसरे कैडर के कर्मचारियों की तुलना में अपने साथ सौतेला व्यवहार होने का अहसास हो रहा है। उन्होंने जिले के अंदर ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू करने के साथ भर्ती और पोस्टिंग की अलग-अलग प्रक्रियाओं में भी गृह जिले के कर्मचारियों को प्राथमिकता देने की मांग की। जिले के अंदर ट्रांसफर शुरू करने की मांग ज्ञापन में शिक्षकों ने कहा कि पहले चरण में थर्ड ग्रेड टीचर्स के लिए जिले के अंदर ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू की जाए। इससे डार्क जोन में काम कर रहे शिक्षकों को भी अपने गृह जिले में ट्रांसफर का मौका मिलेगा। साथ ही जिलों में मंजूर पदों की स्थिति पर भी कोई असर नहीं पड़ेगा। भर्ती में गृह जिला चुनने वालों को प्राथमिकता देने की मांग शिक्षकों ने मांग की कि आने वाली थर्ड ग्रेड टीचर भर्ती में जिन उम्मीदवारों ने गृह जिला चुना है, उन्हें ऑनलाइन काउंसलिंग के जरिए पोस्टिंग में प्राथमिकता दी जाए। उनका कहना है कि इससे गृह जिले में काम करने के इच्छुक उम्मीदवारों को पहले मौका मिल सकेगा। पोस्टिंग की दूसरी प्रक्रियाओं में भी प्राथमिकता देने की मांग ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि स्टाफिंग पैटर्न, 6-डी, 3-बी और डीपीसी सहित शिक्षा विभाग की सभी पोस्टिंग प्रक्रियाओं में गृह जिले के कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाए। शिक्षकों ने अपनी सभी मांगों का ज्ञापन मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग को सौंपते हुए जल्द कार्रवाई करने की मांग की।