बाड़मेर | राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड जयपुर की लिपिक ग्रेड-द्वितीय, कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा 5 जुलाई को दो पारियों में होगी। पहली पारी सुबह 09:30 से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। जिला मुख्यालय के 21 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी। जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने परीक्षा के सफल, सुव्यवस्थित संचालन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिला कलेक्टर ने बताया कि बोर्ड ने बाड़मेर जिले के अभ्यर्थियों के साथ दूसरे जिलों के अभ्यर्थियों को भी यहां परीक्षा केंद्र दिए हैं। 3 जुलाई से परीक्षार्थियों का आवागमन रहेगा। इसे देखते हुए केंद्रीय बस स्टैंड पर विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं। बसों की पर्याप्त उपलब्धता, पेयजल, हेल्प डेस्क, मेडिकल टीम, चल शौचालय, साफ-सफाई, कानून-व्यवस्था के लिए विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बाड़मेर तहसीलदार को इन व्यवस्थाओं का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक को कानून-व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। रोडवेज प्रबंधन को परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त बसें लगाने, हेल्प डेस्क स्थापित करने को कहा गया है।