भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा भीलवाड़ा में पहली बार 8 से 14 अप्रैल तक आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में पंडित प्रदीप मिश्रा शिव महापुराण कथा करेंगे। कथा से पहले 7 अप्रैल शाम 4 बजे राजेंद्र मार्ग स्कूल ग्राउंड से कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में आयोजन समिति के अध्यक्ष विधायक अशोक कोठारी, कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी व वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जागेटिया के नेतृत्व में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं के लिए करीब साढ़े चार लाख वर्ग फीट क्षेत्र में तीन वाटरप्रूफ डोम व पाइप पांडाल बनाए हैं, जहां रोज दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक कथा होगी। शोभायात्रा में हजारों महिलाएं चुनड़ी ओढ़कर सिर पर मंगल कलश धारण करेंगी, वहीं पुरुष साफा व सफेद कुर्ता-पायजामा पहन शामिल होंगे। हाथी, घोड़े, बग्गी, ढोल-नगाड़ों और बैंडबाजे के साथ भव्य लवाजमा रहेगा। व्यवस्था में गजानंद बजाज, पीयूष डाड, कन्हैयालाल स्वर्णकार, पवन पंवार, कैलाश सोनी, मनोज शर्मा सहित टीम जुटी है। मंगल कलश सजावट में मंजू पोखरना, अलका जोशी, ममता शर्मा, रेखा कंवर, आशा रामावत सक्रिय हैं। मीडिया प्रभारी निलेश कांठेड़ ने बताया कि शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होकर वापस राजेंद्र मार्ग स्कूल पहुंचेगी।