उदयपुर के कानोड़ थाना क्षेत्र में पांच दिन पहले बुजुर्ग महिला की हत्या कर सोने का मादलिया लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि आरोपी ईश्वर राव कानोड़ के काछला क्षेत्र की पहाड़ियों में छिपा था। वह कानोड़ का ही रहने वाला है। पुलिस ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा। पहाड़ी से गिरने के कारण उसका पैर टूट गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। पूछताछ में आरोपी ने मादलिया लूट की वारदात को स्वीकार किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ करते हुए आगे जांच में जुटी है। घर पहुंचकर खून से सने कपड़े बदलकर हुआ फरार हत्या के बाद आरोपी अपने घर गया और खून से सने कपड़े बदलकर फरार हो गया था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की आर्थिक तंगी के चलते उसकी नीयत खराब हुई। जिसके कारण उसने यह वारदात की। आरोपी ननिहाल में रह रहा था। घटना के बाद उसका परिवार भी मकान खाली कर कानोड़ से चला गया। थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी को आज (मंगलवार) कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस रिमांड मांग कर आरोपी से मादलिया और चाकू बरामदगी की जाएगी। ये है पूरी घटना घटना कुम्हारों का मोहल्ला क्षेत्र में बीते शुक्रवार (3 जुलाई) शाम की है। जब 75 वर्षीय महिला (घीसी बाई खटीक) घर में अकेली बैठी हुई थीं, तभी आरोपी ने पीछे से उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद बदमाश उनके गले से सोने का मादलिया लूटकर फरार हो गया। महिला के चीखने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे, तो बुजुर्ग महिला को घायल अवस्था में देखकर दंग रह गए। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घीसी बाई घर में अकेली रहती थी और उनके बच्चे बाहर काम करते हैं।