करौली में कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश पप्पू उर्फ दिलशाद को गिरफ्तार किया है। आरोपी मारपीट और लूट के एक मामले में पिछले करीब 1 साल से फरार चल रहा था। उस पर कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसपी ने पप्पू उर्फ दिलशाद (37), निवासी नौचौकिया मोहल्ला, सिंहपौर गेट, करौली पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। कोतवाली पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे उसके घर से पकड़ा। आरोपी एक व्यक्ति के साथ मारपीट और लूट के मामले में वांछित था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति से करीब 63 हजार रुपये छीन लिए थे। वारदात के दौरान बीच-बचाव करने आए लोगों को भी जान से मारने की धमकी दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ मारपीट, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कुल 13 मामले दर्ज हैं। इनमें से अधिकांश मामले कोतवाली थाने में ही दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में आगे की पूछताछ जारी है।