सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट गुंजन फौजदार ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के भ्रामक प्रचार और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने यह बात मंगलवार को महात्मा ज्योतिबा फुले उच्च माध्यमिक स्कूल में आयोजित विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम में कही। फौजदार ने युवाओं से सोच-समझकर निर्णय लेने और जागरूक उपभोक्ता बनने का आह्वान भी किया। यह विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, करौली द्वारा आयोजित किया गया था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट गुंजन फौजदार ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले भ्रामक विज्ञापनों और प्रचार से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी उत्पाद, कॉस्मेटिक या खाद्य सामग्री को केवल आकर्षक विज्ञापन या कम कीमत देखकर नहीं अपनाना चाहिए, बल्कि उसकी सत्यता और गुणवत्ता की जांच अवश्य करनी चाहिए। फौजदार ने विद्यार्थियों से मादक पदार्थों से पूरी तरह दूर रहने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवावस्था जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दौर होता है और नशे की लत व्यक्ति के भविष्य के साथ-साथ उसके परिवार की उम्मीदों को भी प्रभावित करती है। उन्होंने छात्रों से स्वयं नशामुक्त रहने और अपने मित्रों व परिवार के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य के लिए सही निर्णय लेने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में संस्था निदेशक प्रेम सिंह माली ने गुंजन फौजदार का आभार व्यक्त किया और स्कूल परिवार की ओर से शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर न्याय विभाग से वरुण कौशिक, संस्था प्रधान धर्म सिंह, व्याख्याता माहिर, सीमा कुमारी सहित विद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।