करौली के मामचारी थाना क्षेत्र के राजौर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया। परिजनों और ग्रामीणों ने इसे हत्या बताते हुए जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग की। पुलिस की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने पर सहमत हुए। परिजनों ने गांव के युवक पर लगाए गंभीर आरोप कैला देवी डीएसपी मीना मीणा ने बताया कि राजौर गांव निवासी पूजा जाटव पत्नी महेश जाटव की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी मृतका के अपहरण का मामला मामचारी थाने में दर्ज है। बेटे के सामने मारपीट का आरोप परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपी महिला के घर पहुंचा और उसके साथ मारपीट की, जिसे मृतका के बेटे ने देखा। आरोप है कि बच्चा जब अन्य परिजनों को बुलाने गया, तब आरोपी ने कथित तौर पर पूजा की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया और मौके से फरार हो गया। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट के सामने स्थित सिटी पार्क में प्रदर्शन किया। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश मीणा को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच, भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम और मृतका के तीन छोटे बच्चों के पालन-पोषण के लिए 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग की। पुलिस ने जांच का भरोसा दिलाया प्रदर्शन के दौरान कैला देवी डीएसपी मीना मीणा, मामचारी थाना प्रभारी मुरारी लाल मीणा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गए। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।