करौली जिले के नवनियुक्त जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने रविवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। उन्हें बूंदी से ट्रांफसर कर करौली जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। कलेक्ट्रेट परिसर में उनके आगमन पर जिला स्तरीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर एडीएम हेमराज परिड़वाल, एसडीएम प्रेमराज मीणा (मंडरायल), एसडीएम अनिल जैन और पीआरओ धर्मेंद्र कुमार मीणा सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद नवनियुक्त कलेक्टर गोदारा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिले की वर्तमान स्थिति और चल रही सरकारी योजनाओं की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी ली। गोदारा ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि आमजन से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने राज्य सरकार के निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि प्रत्येक माह 500 असंतुष्ट परिवादों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि करौली एक अति पिछड़ा जिला है, इसलिए राज्य और केंद्र सरकार की सभी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू कर विकास कार्यों को गति दी जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसुनवाई को मजबूत बनाने की दिशा में प्रतिबद्धता से कार्य करेगा।