करौली में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में तीन स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में कुल 10 ग्राम से अधिक स्मैक जब्त की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.80 लाख रुपए है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर करौली, मामचारी और सदर हिण्डौन थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पहली कार्रवाई सदर करौली थाना पुलिस ने गश्त के दौरान की। खूवनगर से सांकड़ा मोड़ जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 3.08 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान कल्लापुरा निवासी सुमेर सिंह मीणा (21) के रूप में हुई, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से स्मैक तस्करी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। दूसरी कार्रवाई थाना मामचारी पुलिस ने "ऑपरेशन प्रहार" के तहत की। पुलिस टीम ने निगरानी के दौरान राजौर निवासी इन्द्राज मीना (48) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1.19 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 25 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी से तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ जारी है। तीसरी कार्रवाई थाना सदर हिण्डौन सिटी पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी के दौरान की। सती माता मंदिर के पास कच्चे रास्ते पर एक युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसके पास से 5.88 ग्राम स्मैक मिली। आरोपी खेड़ीशीश निवासी पर्वत सिंह उर्फ कल्ला मीणा (26) को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में भी पुलिस अन्य तस्करों के नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। तीनों ही मामलों में पुलिस ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। करौली पुलिस नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।