करौली में गर्मी की शुरुआत के साथ ही जल संकट गहरा गया है। जलदाय विभाग की अव्यवस्था के कारण शहर के कई इलाकों में लगातार दूसरे दिन भी पानी की आपूर्ति बाधित रही, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आज जलदाय विभाग के कैंपस स्थित टंकी से कलेक्ट्रेट सर्किल, शुक्ला कॉलोनी, रामद्वारा, गौशाला क्षेत्र और वजीरपुर गेट इलाके में जलापूर्ति नहीं हो पाई। इससे पहले, एक दिन पूर्व केशवपुरा पुलिया क्षेत्र, रामदयाल चक्की के पीछे और गोमती कॉलोनी में भी पानी नहीं पहुंचा था। पेयजल के लिए लोगों को बोरिंग और हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। विभिन्न स्थानों पर पानी भरने के लिए लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जहां महिलाएं और बच्चे दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद न तो जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान दे रहे हैं और न ही संबंधित अधिकारी समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठा रहे हैं। गर्मी बढ़ने के साथ जल संकट और गहराने की आशंका है। ऐसे में, लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द प्रभावी जल आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।