कोटा में KDA कमिश्नर के रूप में चार्ज संभालते ही बचनेश कुमार अग्रवाल सख्त नजर आए। पहली ही बैठक में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए बुलडोजर चलाने की चेतावनी भी दी, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है। दरअसल, कोटा विकास प्राधिकरण के नए आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने आज(शनिवार) ही पदभार संभाला है। उन्होंने पदभार संभालते ही एक्शन मोड में काम शुरू कर दिया है। उन्होंने प्राधिकरण सभाकक्ष में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में चल रहे प्रोजेक्ट्स, नई योजनाओं, वित्तीय स्थिति और पब्लिक सर्विस डिलीवरी पर विस्तार से चर्चा हुई। नई आवासीय और व्यावसायिक योजनाएं लाकर राजस्व बढ़ाने पर दिया जोर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में चल रहे सभी विकास कार्यों की तय समय सीमा यानी डेडलाइन निर्धारित की जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं को आपसी समन्वय से तुरंत दूर किया जाए। साथ ही कोटा में नई आवासीय और व्यावसायिक योजनाएं लाकर राजस्व बढ़ाने पर जोर दिया। अतिक्रमण और अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश अतिक्रमण और अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि केडीए की संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और जरूरत पड़ने पर सीधे एफआईआर दर्ज की जाए। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान, रोड नेटवर्क सुधार, बिजली-पानी सेवाओं के रिस्पॉन्स टाइम को कम करने और बजट घोषणाओं को समय पर लागू करने पर भी उन्होंने फोकस किया। इसके अलावा एरोसिटी, रानपुर और शंभूपुरा ग्रोथ सेंटर जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स में तेजी लाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के बाद आयुक्त ने विभिन्न प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण कर अधिकारियों को काम में गति लाने के निर्देश दिए।