कोटा शहर में हर व्यक्ति के लिए अपने घर का सपना पूरा करने के लिए कोटा विकास प्राधिकरण की ओर से समय-समय पर कई आवासीय योजनाएं लॉच की गई हैं। वहीं वर्तमान में उम्मेदपुरा में अफोर्डेबल आवासीय योजना का निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिसमें 832 परिवारों को दो साल में रहने के लिए घर मिल जाएंगे। केडीए की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग 52 झालावाड़ रोड से 700 मीटर अंदर की तरफ जगपुरा के पास उम्मेदपुरा में अफोर्डेबल आवासीय योजना लांच की गई है। इस योजना में दो तरह के आवास बनाए जा रहे हैं। इनका काम शुरु हो गया है। योजना तीन मंजिला है। इस योजना में कुल 832 फ्लैट्स बनाए जाएंगे। इनमें आर्थिक दृष्टि से कमजोर आय वर्ग के 544 और अल्प आय वर्ग के 288 आवास बनाए जाएंगे। ईडब्ल्यूएस श्रेणी के आवासों का निर्मित क्षेत्रफल 325.89 वर्ग फीट का होगा। जिसकी कीमत 6.98 लाख रुपए है। सामुदायिक भवन भी बनेगा एलआईजी श्रेणी के आवासों का निर्मित एरिया 500.81 वर्ग फीट है। जिनकी कीमत 10.73 लाख रुपए है। केडीए के अधिशाषी अभियंता आर. के. जैन ने बताया कि योजना में बनने वाले फ्लैट में जहां दो कमरे, किचन, लैट-बाथ और खुला बालकनी क्षेत्र होगा। वहीं योजना में पर्याप्त मात्रा में खुले पार्क और सामुदायिक भवन का निर्माण भी होगा। 16 अप्रैल तक आवेदन, दो साल में होंगे पूरे केडीए की ओर से निर्मित होने वाली इस योजना का काम शुरु हो गया है। नींव की खुदाई का काम किया जा रहा है। योजना में आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 16 अप्रैल तक है। निर्धारित तिथि तक प्राप्त आवेदनों के आधार पर लॉटरी निकाली जाएगी। जिससे आवासों का आवंटन किया जाएगा। कडीए का प्रयास है कि योजना में बनने वाले आवासों का निर्माण दो साल में पूरा हो सके। जिससे आवेदन कर्ताओं को समय पर रहने के लिए आवास उपलब्ध हो सके।