भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम का जन्मोत्सव इस वर्ष 19 अप्रैल को खडगदा में मनाया जाएगा। सर्व ब्राह्मण समाज इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शाम 4 बजे गाजे-बाजे के साथ एक शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल होंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार रात लक्ष्मीनारायण मंदिर में सर्व ब्राह्मण समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रम को अंतिम रूप देने और उसकी रूपरेखा तय करने पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन समिति के अध्यक्ष जिग्नेश जोशी ने बताया कि तैयारियां शुरू हो गई हैं। गांव में सजावट की जा रही है और शोभायात्रा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। डॉ. विमलेश पंड्या ने शोभायात्रा में भगवान परशुराम के जीवन से जुड़ी झांकियां शामिल करने का सुझाव दिया, ताकि युवा पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सके। संरक्षक चंद्रेश व्यास ने बताया कि अधिक से अधिक समाजजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए घर-घर जाकर निमंत्रण पत्र वितरित किए जाएंगे। पुरुषों और महिलाओं के लिए ड्रेस कोड पर भी चर्चा हुई, जिस पर महिलाओं की अलग बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बैठक को औदिच्य समाज के अध्यक्ष नवनीत भट्ट, ईश्वर पंड्या और हिरल पुरोहित ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन विप्र फाउंडेशन खडगदा के अध्यक्ष धवल जोशी ने किया। वक्ताओं ने शोभायात्रा को आकर्षक बनाने के लिए निरंतर बैठकों और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया और सभी समाजजनों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष विशाल मेहता, कोषाध्यक्ष मंथन श्रीमाली, सचिव मानशंकर दवे, भट्टमेवाड़ा समाज के अध्यक्ष प्रसन्न द्विवेदी, भरत श्रीमाली, जगदीशचंद्र दवे, नटवर श्रीमाली, प्रकाश भट्ट, मीहिर भट्ट, नीलेश पंड्या, सुशील पुरोहित, राज भट्ट, किंजल पुरोहित, नीतीश व्यास, प्रियंक भट्ट, मयूर भट्ट, आयुष पुरोहित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाजजन उपस्थित थे। सभी ने एकजुट होकर भगवान परशुराम जन्मोत्सव को सफल बनाने का संकल्प लिया।