कोटपूतली के खेड़की वीरभान गांव में आज एक कुत्ते ने 13 लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में महिला, पुरुष और बच्चे घायल हुए हैं। कुत्ते के अचानक हमले से इलाके में दहशत फैल गई। सभी घायलों को तुरंत राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल के ट्रोमा सेंटर के नर्सिंग अधिकारी श्रीराम सराधना ने बताया कि सभी घायलों का इलाज शुरू कर दिया गया है। उन्हें रेबीज का टीका और प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। कुत्ते के काटने से घायल हुए लोगों में कविराज (10), सुभाष (20), ममता (35), रामा (25), महेश (21), तारामणी (37), मदन (30), सरिता (22), कैलाश (42), राजेंद्र (19), माया (40), पूरण (22) और प्रकाश (36) शामिल हैं। घायलों में बच्चों और महिलाओं की संख्या अधिक होने से स्थानीय ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे कुत्तों को तुरंत पकड़ा जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।