खैरथल के राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को महाविद्यालय विकास समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कॉलेज के समग्र विकास को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, अभिभावकों, भामाशाहों, विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विभिन्न वर्गों की मौजूदगी ने बैठक को व्यापक और प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाई। बैठक की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. नीतू जेवरिया ने की। उन्होंने बताया कि नवगठित विकास समिति का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय में शैक्षणिक और भौतिक संसाधनों का विस्तार करना है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक की शुरुआत विकास समिति सचिव डॉ. दीपक कुमार के स्वागत भाषण से हुई, वहीं सहायक लेखाधिकारी मनोज गुप्ता ने पिछले वर्षों के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत कर पारदर्शिता का संकेत दिया। चारदीवारी बनाने के लिए प्रयास तेज होंगे बैठक में महाविद्यालय की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। राज्य सरकार के प्रतिनिधि अशोक डाटा और भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा ने कॉलेज की चारदीवारी निर्माण, खेल मैदान के समतलीकरण और मुख्य भवन के सामने इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के लिए सांसद स्तर पर प्रयास करने का भरोसा दिलाया। इसके अलावा, पूर्व चेयरमैन अशोक डाटा ने भामाशाहों के सहयोग से कॉलेज परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की पहल करने का आश्वासन दिया। स्नातकोत्तर स्तर तक क्रमोन्नति पर फोकस उच्च शिक्षा के विस्तार को लेकर भी बैठक में गंभीरता से चर्चा की गई। मनीष शर्मा ने महाविद्यालय को स्नातकोत्तर स्तर तक क्रमोन्नत कराने और प्रथम वर्ष में प्रवेश सीटों में बढ़ोतरी के लिए प्रयास करने की बात कही। वहीं शिक्षाविदों महावीर चौधरी और प्रताप सिंह ने अकादमिक गुणवत्ता सुधारने, नियमित शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ाने और विद्यार्थियों के कौशल विकास पर जोर दिया। भामाशाहों ने दिया सहयोग का भरोसा बैठक में अभिभावक प्रतिनिधि राकेश कुमार और माया देवी ने विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को सामने रखा। वहीं भामाशाह रमेश चंद गुप्ता और पुरुषोत्तम गुप्ता ने महाविद्यालय के विकास के लिए हरसंभव आर्थिक सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक के अंत में प्राचार्य डॉ. नीतू जेवरिया ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति के सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने के प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान डॉ. सरस्वती मीणा, साक्षी जैन, डॉ. राहुल वर्मा सहित अन्य संकाय सदस्य भी मौजूद रहे। बैठक में लिए गए निर्णयों से महाविद्यालय के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।