खैरथल में बुधवार को नीट परीक्षा पेपर लीक मामले पर जिला कांग्रेस कमेटी खैरथल-तिजारा ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर यह प्रदर्शन अंबेडकर चौक पर आयोजित हुआ। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बलराम यादव ने किया। प्रदर्शन से पूर्व कार्यकर्ताओं ने शहर में पुतले की शव यात्रा निकाली और विरोध मार्च किया। इस दौरान 'भाजपा सरकार हाय-हाय', ''युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो' और 'पेपर लीक बंद करो' जैसे नारे लगाए गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि देशभर में लाखों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने पूरी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यादव ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने में विफल रही है, जिससे शिक्षा व्यवस्था अव्यवस्थित हो गई है। यादव ने नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पेपर लीक को एक गंभीर मामला बताया, जिससे छात्रों और अभिभावकों का विश्वास प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के साथ है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रहेगा। यादव ने नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की। इसके अलावा, उन्होंने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की भी मांग की। प्रदर्शन में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जयप्रकाश हेडाऊ, खैरथल नगर परिषद के नेता प्रतिपक्ष विक्की चौधरी, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमारी सांगवान, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष पवन खटाना, तिजारा उप प्रधान दयाराम गुर्जर, एनएसयूआई अध्यक्ष देवेंद्र बिधूड़ी, जिला सचिव उस्मान खान, फतेह मोहम्मद, व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष यश अग्रवाल, रामचंद्र कॉमरेड, पार्षद मनोज, राहुल रसगोन, दौलत नागर, पूर्व सरपंच एडवोकेट अजय चौधरी, रामोतार चौधरी, संदीप अग्रवाल, रूपेश, सतीश यादव, जसवंत यादव, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष अनीश खान, मेहरद्दीन खान, यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव रामनिवास प्रजापत, शौकत खान, वनीष लंबरदार, अर्जुन ठाकुर, हनुमान गुर्जर, शौकीन खान, ओमवीर रहीसा, वसीम खान, संजय गुर्जर, रणसिंह नेहरा, अंकित चौधरी, जेपी सैन, हर्षवर्धन खैरिया, सुल्तान यादव, आसिफ, अभिषेक हेडाऊ, परवेज आलम, हातिम सिवाना, नारायण छंगाणी, शकील बाघोर, निक्की प्रजापत, अब्बास मिस्त्री, डेविड मर्दाने सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।