खैरथल शहर के हरसोली रोड स्थित अंबेडकर सर्किल पर मंगलवार शाम बड़ी आगजनी की घटना सामने आई। यहां स्थित न्यू लक्ष्मी ट्रेडर्स नामक लेडीज टेलर की दुकान में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ, जिसमें दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। दुकान बंद कर निकले थे मालिक, थोड़ी देर बाद मिली सूचना दुकान मालिक धर्मवीर ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से यहां लेडीज टेलर का कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में शादी-विवाह का सीजन होने के कारण दुकान पर काफी काम चल रहा था और बड़ी संख्या में महिलाओं के कपड़े सिलाई के लिए आए हुए थे। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम करीब 8:30 बजे वे दुकान बंद कर बाजार की ओर निकले थे। कुछ ही देर बाद उन्हें सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है। सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे। शटर खोला, तब तक विकराल हो चुकी थी आग आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने दुकान का शटर खोलकर सामान बाहर निकालने का प्रयास किया। हालांकि तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और दुकान के अंदर रखा अधिकांश सामान जल चुका था। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने के लिए तुरंत प्रयास शुरू किए, लेकिन दुकान के भीतर कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से बढ़ती गई। फायर ब्रिगेड देरी से पहुंची, लोगों ने बाल्टियों से बुझाई घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को भी दी गई, लेकिन उस समय खैरथल की फायर ब्रिगेड भिवाड़ी में दूसरी आग की घटना में व्यस्त थी। इसके बाद करीब 9:30 बजे किशनगढ़ बास से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। तब तक स्थानीय लोगों ने अपने घरों से पानी लाकर बाल्टियों के जरिए आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। लोगों के सामूहिक प्रयास से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोका गया। प्रशासन के खिलाफ व्यापारियों का गुस्सा फूटा घटना के दौरान प्रशासन की ओर से पानी का टैंकर तक मौके पर नहीं भेजे जाने से लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। गुस्साए व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने हरसोली रोड पर चक्का जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। व्यापारियों का कहना था कि समय पर संसाधन पहुंचते तो नुकसान कम हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।