राज्य सरकार ने खैरथल-तिजारा परिषद में विभिन्न श्रेणियों के 11 नए पदों को मंजूरी दी है। इस फैसले से दोनों जिलों में विकास योजनाओं के संचालन और क्रियान्वयन में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामदयाल ने कहा- नए पदों की स्वीकृति से स्थानीय प्रशासन की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि इससे विभागीय कामकाज में पारदर्शिता आएगी और आमजन को त्वरित एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। इन पदों का किया गया सृजन सरकारी आदेश के अनुसार प्रत्येक जिला परिषद में मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, परियोजना अधिकारी (लेखा), सहायक लेखाधिकारी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी, स्टेनोग्राफर, सूचना सहायक और वरिष्ठ सहायक का एक-एक पद स्वीकृत किया गया है। इसके अलावा कार्यालयीन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए कनिष्ठ सहायक के तीन पद भी मंजूर किए गए हैं। इन पदों पर नियुक्तियों के बाद कार्यालयों में लंबित कार्यों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद है। योजनाओं की निगरानी होगी मजबूत नए पदों के सृजन से प्रशासनिक कार्यों में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। विशेष रूप से वित्तीय प्रबंधन, डेटा संधारण, रिपोर्टिंग और फाइल निस्तारण जैसे कार्य अधिक व्यवस्थित ढंग से किए जा सकेंगे। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं की निगरानी अधिक प्रभावी होगी और विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकेंगे। अधिकारियों का मानना है कि इससे योजनाओं का लाभ आमजन तक तेजी से पहुंचेगा। संविदा पर होंगे ड्राइवर और सहायक कर्मचारी आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रत्येक जिला परिषद में दो ड्राइवर और दो सहायक कर्मचारियों की नियुक्ति संविदा आधार पर की जाएगी। यह व्यवस्था फील्ड स्तर पर निरीक्षण, दौरे और अन्य प्रशासनिक गतिविधियों को गति देने में सहायक होगी। अधिकारियों को क्षेत्रीय दौरे और विकास कार्यों की निगरानी में सुविधा मिलेगी।