खैरथल-तिजारा जिला महिला कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने राजस्थान में पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की पांचवीं सूची जारी कर दी है। इस सूची में खैरथल-तिजारा जिले से डॉ. विनोद कुमारी सांगवान को महिला जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने इस सूची को अपनी स्वीकृति प्रदान की है। डॉ. सांगवान को यह जिम्मेदारी संगठन के प्रति उनके समर्पण, सक्रियता और अनुभव को देखते हुए सौंपी गई है। कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल डॉ. विनोद कुमारी सांगवान की नियुक्ति से जिले में महिला कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं में इस फैसले को लेकर उत्साह का माहौल है और स्थानीय स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने का लक्ष्य प्रदेश स्तर पर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सारिका सिंह के नेतृत्व में यह नियुक्ति संगठन विस्तार की रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने और जमीनी स्तर पर पार्टी को सशक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। नियुक्ति पर आभार व्यक्त किया डॉ. सांगवान ने अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी और जिले में महिला सशक्तिकरण के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगी।