भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा जिले में इस बार खरीफ फसलों की बुआई का लक्ष्य बढ़ाकर 3.87 लाख हैक्टेयर कर दिया गया, जबकि पिछले वर्ष 3,70,587 हैक्टेयर में बुआई हुई थी। सबसे अधिक 14 हजार हैक्टेयर क्षेत्र मक्का के तहत बढ़ाया गया, जिससे इस साल भी मक्का की बंपर पैदावार की उम्मीद है। इस साल भी मक्का का एरिया 1.65 लाख हैक्टेयर से बढ़ाकर 1.80 लाख हैक्टेयर किया है। ज्वार, मक्का, मूंग, तिल, सोयाबीन, कपास और ग्वार का रकबा बढ़ाया है, जबकि मूंगफली और बाजरे का क्षेत्र घटा है। रबी फसलों की कटाई के बाद किसान खेतों की हकाई कर उन्हें धूप में छोड़ेंगे, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी। बारिश शुरू होते ही दोबारा जुताई कर बुआई की जाएगी। सहाड़ा ब्लॉक के ढोसर व कांगणी क्लस्टर के 8 गांवों में 150 हैक्टेयर में कस्तूरी कपास की बुआई भी की जाएगी, जिसके लिए जागरूकता मेले लगाए गए।