राजसमंद के रेलमगरा थाना सर्कल के खटुकड़ा गांव में अज्ञात चोरोंं ने एक मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दीवार कूदकर घर के अंदर घुसे और घरेलू सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें 20 अप्रेल की रात्रि 12.30 बजे के करीब तीन से चार अज्ञात चोर घर में घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं। सिलेंडर- टेबल फैन भी ले गए पीड़ित भेरूलाल रेगर ने बताया कि करीब दो साल पहले भी उनके घर में इसी तरह चोरी हुई थी, जिसमें चोर सामान ले गए थे। इस बार भी चोरोंं ने दो गैस सिलेंडर, टेबल पंखा, ट्रॉली बैग और सिलाई मशीन सहित सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और जल्द कार्रवाई की मांग की है। चोरी की इस घटना से गांव में आक्रोश का माहौल है। वहीं पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।