उदयपुर जिले के खेरवाड़ा कस्बे के बीच से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-48 पर अब जाम नहीं लगेगा है। केंद्र सरकार ने खेरवाड़ा कस्बे में एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने के प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 363.89 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस बजट को फाइनल कर दिया है, जिसके बाद अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। सड़क पार करने में रहता है खतरा खेरवाड़ा के लोगों के लिए यह प्रोजेक्ट इसलिए भी अहम है, क्योंकि नेशनल हाईवे-48 का उदयपुर-रतनपुर-शामलाजी सेक्शन काफी व्यस्त रहता है। भारी ट्रक और तेज रफ्तार गाड़ियां शहर के बीच से ही निकलती हैं। इसकी वजह से कस्बे के लोगों को सड़क पार करने या बाजार में अपनी गाड़ी लेकर निकलने में काफी डर लगता था। एलिवेटेड कॉरिडोर बनने के बाद आगे हाईवे का सारा ट्रैफिक शहर के ऊपर से निकल जाएगा और नीचे की सड़क स्थानीय लोगों के इस्तेमाल के लिए पूरी तरह सुरक्षित हो जाएगी। मंत्री बोले- हादसों में कमी आएगी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया- खेरवाड़ा में इस ऊंची संरचना यानी एलिवेटेड स्ट्रक्चर की मांग काफी समय से की जा रही थी। इस प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि हाईवे के ट्रैफिक और स्थानीय ट्रैफिक को अलग-अलग कर दिया जाएगा। इससे शहर के अंदर होने वाले हादसों में कमी आएगी। इसके अलावा, सड़क पर जिन जगहों को दुर्घटना के लिहाज से खतरनाक (ब्लैक-स्पॉट्स) माना गया था, उन्हें भी इस निर्माण के दौरान दुरुस्त कर दिया जाएगा। ट्रैफिक जाम नहीं होगा इस कॉरिडोर के बनने से न केवल सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि लोगों का समय भी बचेगा। अभी हाईवे की गाड़ियों की वजह से शहर में जो ट्रैफिक जाम लगता है, वह खत्म हो जाएगा। बाहर से आने वाले यात्री बिना किसी रुकावट के ऊपर से निकल जाएंगे, जिससे यात्रा का समय घटेगा। वहीं, खेरवाड़ा शहर के दुकानदारों और निवासियों को धूल और शोर से भी काफी हद तक छुटकारा मिल पाएगा। उदयपुर सांसद ने अहम भूमिका निभाई इस प्रोजेक्ट को धरातल पर लाने में उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत की कोशिशों का बड़ा हाथ रहा है। डॉ. रावत ने खेरवाड़ा के लोगों की इस तकलीफ को करीब से देखा और इसे एक टास्क की तरह लिया। उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय के चक्कर लगाए और मंत्री नितिन गडकरी से व्यक्तिगत रूप से मिलकर खेरवाड़ा की स्थिति बताई। उन्होंने बाकायदा पत्र लिखकर बताया था कि कस्बे के बीच से हाईवे गुजरने के कारण वहां दुर्घटनाओं का खतरा काफी बढ़ गया है। सांसद रावत की पैरवी के बाद ही नितिन गडकरी ने इस पर सर्वे करवाया और आखिरकार शनिवार को बजट जारी कर दिया। काम की स्वीकृति मिलने के बाद सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने पीएम मोदी और नितिन गडकरी का आभार जताया। रावत ने कहा कि उदयपुर की जनता ने जो भरोसा जताया था, उसी का नतीजा है कि आज इतने बड़े काम की मंजूरी मिली है। अब खेरवाड़ा के विकास को एक नई रफ्तार मिलेगी और लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा।