जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) के तत्वावधान में आयोजित होने वाले विश्व नवकार महामंत्र दिवस को लेकर शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल है। इस क्रम में प्रभावना के तहत किशनगढ़ शहर में रविवार को भव्य कलशयात्रा निकाली गई। कलश यात्रा आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें जैन समाज के महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धार्मिक एकता और शांति का संदेश दिया। कलशयात्रा सिटी रोड स्थित आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से प्रारंभ होकर मेन चौराहा, पुरानी मील चौराहा होते हुए सूरज देवी पाटनी सभागृह पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश धारण किए भक्ति भाव से चल रही थीं, वहीं जगह-जगह समाज के लोगों ने यात्रा का स्वागत कर पुष्प वर्षा की। पूरे मार्ग में धार्मिक नारों और नवकार मंत्र की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा। यात्रा के समापन पर सभागार में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री एवं सांसद भागीरथ चौधरी ने कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया। इससे पूर्व जीतो किशनगढ़ चैप्टर के चेयरमैन समकित पहाड़िया ने बताया कि 9 अप्रैल (गुरुवार) को सुबह 8:01 बजे से 9:36 बजे तक सामूहिक नवकार महामंत्र जाप का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि “वन वर्ल्ड, वन चांट–टुगेदर फॉर पीस” थीम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विश्व शांति और मानव कल्याण के उद्देश्य से एक साथ नवकार महामंत्र का जाप किया जाएगा। भारत सहित 108 देशों के लाखों श्रद्धालुओं के इस आयोजन से जुड़ने की संभावना है, वहीं 6 हजार से अधिक मंदिरों, उपाश्रयों और स्थानकों से इसका सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल सूरज देवी पाटनी सभागृह में होने वाले इस आयोजन में जीतो किशनगढ़ चैप्टर के साथ लेडीज विंग और यूथ विंग सक्रिय सहयोग देंगे। पोस्टर विमोचन एवं आयोजन में प्रकाश गंगवाल, राकेश पहाड़िया, रवि जैन, पुखराज पहाड़िया, निर्मल पाटोदी, सुभाष बरड़िया सहित सकल जैन समाज के सभी प्रतिनिधि उपस्थित थे।