किशनगढ़बास में तेज रफ्तार ईको गाड़ी की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका जयपुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के कई दिन बाद एक अप्रैल को परिजनों ने किशनगढ़बास थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 24 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे सरजीत का बास-बाघोर रोड पर हुई। ग्राम इच्छाका निवासी मुस्तकीम पुत्र सहाबदीन सड़क की पटरी से पैदल जा रहा था, तभी तहनोली की ओर से आ रही एक ईको गाड़ी के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। हादसे में मुस्तकीम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोपी चालक को पकड़ लिया और घायल को उसी ईको वाहन से किशनगढ़बास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां हालत नाजुक होने पर उसे अलवर रेफर कर दिया गया। अलवर के निजी अस्पताल में भी स्थिति गंभीर बनी रही, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया। परिजन मुस्तकीम को एंबुलेंस से जयपुर ले गए, जहां जेएनयू अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। हादसे में युवक का एक हाथ और एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने बताया कि हादसे के बाद वे इलाज में व्यस्त थे, इसलिए तुरंत पुलिस को सूचना नहीं दे पाए। बाद में 1 अप्रैल को पीड़ित के पिता सहाबदीन ने किशनगढ़बास थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच हेड कॉन्स्टेबल मुकेश को सौंपी गई है।