बाइक से घूमने निकले 3 दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना 10 जुलाई (शुक्रवार) की रात करीब 11:30 बजे कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में कोटा-उदयपुर हाईवे (NH-27) पर धाकड़खेड़ी के पास हुई। मृतकों में अभिषेक (19) और मोनू (20) शामिल हैं। दोनों उम्मेदगंज (थाना उद्योगनगर) के रहने वाले थे। तीसरा दोस्त कालू (21) गंभीर रूप से घायल है। उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। शनिवार को कोटा न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। हादसे से चंद मिनट पहले ली थी आखिरी सेल्फी अभिषेक के दोस्त दुर्गा शंकर ने बताया- अभिषेक, मोनू और कालू रात को बाइक से रायपुरा से जगपुरा फोरलेन की तरफ घूमने निकले थे। तीनों दोस्त कैथून रोड फ्लाईओवर पर चढ़ने के बाद झालावाड़ रोड की ओर (कोटा-उदयपुर हाईवे) करीब 500 मीटर ही आगे बढ़े थे। तभी तीनों ने बाइक रोकी। हादसे से कुछ समय पहले ही अभिषेक और मोनू ने मोबाइल से एक सेल्फी ली थी। उस समय घायल कालू पास ही पानी पीने चला गया था। सेल्फी लेने के कुछ ही देर बाद जैसे ही वे आगे बढ़े, पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों दोस्त सड़क किनारे दूर जा गिरे। अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम हादसे के बाद वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने तीनों युवकों को लहूलुहान हालत में देखा। ग्रामीणों ने तीनों के परिजनों को सूचना दी और एम्बुलेंस की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया। अभिषेक और मोनू के सिर और हाथ-पैरों में इतनी गंभीर चोटें आई थीं कि उन्होंने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। मौके पर मिले ट्रक के टायरों के निशान उद्योगनगर थाना एएसआई (ASI) सायर सिंह ने बताया- रात करीब साढ़े 11 बजे कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो फोरलेन पुलिया पर तीन युवक अचेत पड़े थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि किसी ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी है। मौके पर ट्रक के टायर के घसीटने के निशान भी मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों घरों के चिराग बुझे मोनू (मृतक) के चाचा सुरेंद्र भील ने बताया कि तीनों दोस्त एक फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। शुक्रवार रात को उनके एक दोस्त ने फोन कर उन्हें जगपुरा बुलाया था। मोनू रात करीब 9 बजे घर से निकला था। मोनू दो भाइयों में बड़ा था। महज 6 महीने पहले ही उसकी मां की मौत हुई थी, जबकि उसके पिता लंबे समय से बीमार रहते हैं। अभिषेक (मृतक) के बड़े भाई रवि ने बताया- अभिषेक भी रात 9 बजे घर से निकला था, लेकिन उन्हें हादसे की खबर रात 2 बजे मिली। अभिषेक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। --- यह खबर भी पढ़िए… शादी के 2 महीने बाद विवाहिता की मौत:पति के साथ सांवलियाजी जा रही थी, बाइक अनबैलेंस हुई, सिर के बल गिरी कोटा से सांवलियाजी दर्शन के लिए जा रहे बाइक सवार पति-पत्नी की बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे महिला सड़क पर सिर के बल गिर गई। घायल महिला को कोटा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। यह हादसा कोटा-उदयपुर हाईवे पर हुआ। महिला भगवती (26) कोटा के रोजड़ी की रहने वाली थी। (पूरी खबर पढ़ें)