कोटा के प्रस्तावित ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट को सकतपुरा फिल्टर प्लांट से जोड़ने ते लिए 21.5 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है। यह पाइपलाइन नान्ता शिव जी मंदिर के पास से नान्ता नहर होते हुए वेदांता कॉलेज तक डाली जाएगी। अभी जाखमुंड तुलसी गांव तक पाइप लाइन डाली जा चुकी। इस पाइप लाइन से एयरपोर्ट तक रोज 15 लाख लीटर पानी की सप्लाई किया जाएगा। इससे एयरपोर्ट पर यात्रियों और कर्मचारियों को चंबल का शुद्ध पानी मिलेगा। एक्सईएन श्याम माहेश्वरी ने बताया कि एयरपोर्ट तक 250 एमएम (10 इंच ) व्यास की डीआई पाइपलाइन डाली जा रही है। अब तक करीब 8 से 9 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। इस परियोजना के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) द्वारा 17.5 करोड़ रूपए की राशि मंजूर की गई है। मई में इसका काम शुरू किया था। परियोजना पूर्ण होने के बाद ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट को रोजाना लगभग 15 लाख लीटर शुद्ध पीने का पानी सप्लाई किया जा सकेगा। इससे एयरपोर्ट के संचालन के लिए आवश्यक जल व्यवस्था मजबूत होगी। भविष्य में बढ़ने वाली जरूरतों को भी आसानी से पूरा किया जा सकेगा। परियोजना के तहत सकतपुरा फिल्टर प्लांट पर नए पंप हाउस, पैनल रूम और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का निर्माण भी किया जा रहा है।