कोटा के कैथून थाना क्षेत्र में ताथेड़ के पास फोरलेन पर देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार दंपती निमोदा गांव से शादी समारोह में शामिल होकर वापस कोटा लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों घायलों को कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इमरजेंसी वार्ड में इलाज जारी है। घायल दंपती की पहचान भदाना निवासी बनवारी लाल मेघवाल और उनकी पत्नी मोतिया बाई के रूप में हुई है। मिनी ट्रक ने टक्कर मारी घायलों के बेटे गोविन्द ने बताया कि उसके माता-पिता दीगोद क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे और देर रात वापस लौटते समय यह हादसा हो गया। उन्हें मिनी ट्रक ने टक्कर मारी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस फिलहाल कैथून थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि ट्रक चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।