गर्मी के मौसम में कोटा के कई इलाकों में पानी की किल्लत सामने आने लगी है। बरडा बस्ती में भी पानी की कमी बनी हुई है। लोग महंगे दामों में पानी खरीदने के लिए मजबूर है। बस्ती के लोगों ने आज ‘जल संकट दूर करो, लोगों को मजबूर मत करो…' समेम कई स्लोगन लिखे पोस्टर हाथ में लेकर पानी मांगा। विधायक को भी पोस्टकार्ड भेजकर जल्द से जल्द पानी की सप्लाई सुचारू और पानी की लाइन बिछाने की मांग की गई। बोरिंग का जलस्तर नीचे गया बरड़ा बस्ती के लोगों ने आज हाथों में बैनर लेकर पानी की मांगी। पोस्टर पर लिखा था- ‘जल संकट दूर करो, लोगों को मजबूर मत करो। हमारी मांगे पूरी करो, पानी की सप्लाई शुरू करो।’ समस्या को लेकर लिखे पोस्टकार्ड भी विधायक संदीप शर्मा को भेजे गए। यहां रहने वाले पूजा और समीर ने बताया कि गर्मी के मौसम में ज्यादातर बोरिंग का जलस्तर काफी नीचे चला जाता है, जिससे पानी की कमी हो जाती है। बोरिंग से पानी आने का कोई निश्चित समय नहीं होने के कारण घंटों इंतजार करना पड़ता है। वन भूमि के पास इलाके होने के कारण यहां पानी की लाइन भी नहीं है। ऐसे में गर्मियों में पानी माफिया सक्रिय हो जाते है। मजबूरी में ज्यादा पैसे देकर इनके जरिए पानी की जरूरत को पूरा करना पड़ता है। इसके बावजूद दो दिन के अंतराल में पानी मिलता है। पानी की लाइन बिछाने की मांग बरडा बस्ती में पेयजल समस्या को लेकर काम कर रहे एडवोकेट बीटा स्वामी ने बताया कि पानी की समस्या को लेकर विधायक संदीप शर्मा को पोस्टकार्ड भी भेजे गए हैं और लगातार भेजे जा रहे हैं। अब बस्ती के लोग प्रदर्शन और आंदोलन करने को मजबूर है।