कोटा के आरके पुरम थाना क्षेत्र के बोराबास इलाके में एक 55 साल के अधेड़ व्यक्ति द्वारा घर में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। परिवार के सदस्य रोज की तरह मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे। दोपहर में जब मृतक का बेटा खाना खाने के लिए घर पहुंचा तो उसने अपने पिता को कमरे में पंखे से लटका हुआ देखा। यह देखकर वह घबरा गया और तुरंत पड़ोसियों तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरके पुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतरवाया और मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम रूम में शिफ्ट करवाया गया। मजदूरी पर गया था परिवार आरके पुरम थाना के एएसआई मेघराज ने बताया कि मृतक की पहचान बोराबास निवासी गोपाल भील के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार के सभी सदस्य मजदूरी पर गए हुए थे और पीछे से युवक ने फांसी लगा ली। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गोपाल भील किसी प्रकार की परेशानी या तनाव में नहीं थे। ऐसे में उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराकर शव उन्हें सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।