कोटा में बेखौफ बदमाशों ने राह चलती महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। छिनाझपटी के दौरान महिला स्कूटी से सड़क पर गिर गई, जिससे उसके सिर पर चोट आ गई। घटना देर रात करीब 9 बजे भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र में हाट रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास हुई। जानकारी के अनुसार खेड़ली फाटक निवासी एक युवक अपनी बुआ के साथ स्टेशन इलाके में खरीदारी करने गया था। रात करीब 9 बजे दोनों स्कूटी से वापस घर लौट रहे थे। युवक स्कूटी चला रहा था, जबकि उसकी बुआ पीछे बैठी हुई थीं। इसी दौरान पीछे से पल्सर बाइक पर सवार दो युवक आए। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने चलती स्कूटी पर बैठी महिला के गले पर झपट्टा मारते हुए सोने की चेन खींच ली। अचानक हुई वारदात में महिला संतुलन खो बैठी और सड़क पर गिर गई। हादसे में उसके सिर पर चोट लगी। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। भीमगंजमंडी थाना एएसआई सियाराम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जानकारी में आरोपियों ने काले कपड़े पहन रखे थे और काला हेलमेट लगाया हुआ था। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।