कोटा शहर के चंबल गार्डन रोड स्थित आधारशिला के सामने शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार के पास 10 फीट से अधिक लंबा और करीब 30 से 40 किलो वजनी अजगर दिखाई दिया। रात के अंधेरे में पहले लोगों को कार के पास हलचल नजर आई, लेकिन जब वाहन की रोशनी डाली गई तो भारी-भरकम अजगर को देखकर राहगीरों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना तुरंत स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को दी गई। मौके पर पहुंचे गोविंद शर्मा ने सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया। उन्होंने बताया कि यह अजगर संभवतः आसपास के प्राकृतिक क्षेत्र या बिल से निकलकर रिहायशी इलाके में पहुंचा था। अजगर कार के पीछे छिपकर बैठा हुआ था और उसके पास कोई जानवर आने पर वह तुरंत हमला करने की मुद्रा में आ जाता। गोविंद शर्मा के अनुसार, चंबल गार्डन और आसपास के क्षेत्रों में पहले भी कई अजगर निकल चुके हैं, जिनका सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में सांप, अजगर और अन्य वन्यजीव अपने बिलों से बाहर निकलकर रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं। घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की है। हालांकि उस समय ज्यादा आवाजाही नहीं थी, लेकिन शाम के समय इस इलाके में बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में आते-जाते हैं। रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया तथा वन विभाग को भी इसकी सूचना दे दी गई। वन्यजीव विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सांप या अजगर दिखाई दे तो उसे नुकसान न पहुंचाएं और तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम से संपर्क करें।