शहर और आसपास के इलाकों में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुई। दमकल विभाग की टीमों को दिनभर अलग-अलग जगहों पर आग बुझाने के लिए दौड़ लगानी पड़ी। सबसे पहले आग की घटना हनोटिया गांव में सामने आई, जहां खेत में नोलाइयों (फसल अवशेष) में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कोटा ग्रामीण इलाके में पिछले तीन दिन से लगातार खेतों में आग की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी तरह शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल किशोर सागर तालाब के पास भी आग लगने की घटना सामने आई। यहां तालाब किनारे पेड़ और कचरे में आग भड़क गई, जिससे आसपास धुआं फैल गया। लोगों की सूचना पर सब्जीमंडी फायर स्टेशन से तुरंत दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने समय रहते पहुंचकर आग पर नियंत्रण किया। वहीं, शहर के ट्रेचिंग ग्राउंड में बार-बार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। कचरे के ढेर में आग सुलगने से स्थिति लगातार चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। इसे देखते हुए एहतियात के तौर पर मौके पर दमकल की गाड़ी स्थायी रूप से तैनात कर दी गई है, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। शनिवार को भी यहां आग लग गई थी, यहां रह रहकर कचरे में आग सुलग रही है। दमकल विभाग के अनुसार गर्मी बढ़ने के साथ ही सूखी घास, कचरे और खुले में पड़े ज्वलनशील पदार्थों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। शहर में हर दिन आग की घटनाएं सामने आ रही है। देखिए आग लगने की PHOTOS…