कोटा शहर में शनिवार को तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप का असर लगातार बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 28.8 डिग्री दर्ज किया गया। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं से लोग बेहाल नजर आए। शहर में कॉलेज और स्कूल से निकलने वाले छात्र-छात्राएं छतरी लेकर और मुंह पर गमछा बांधकर घर जाते दिखाई दिए। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग जूस, ठंडे पेय पदार्थ और शीतल पेय का सहारा लेते नजर आए। वहीं सड़क किनारे जीवन यापन करने वाले लोग पेड़ों की छांव में बैठकर गर्मी से बचने की कोशिश करते दिखे। शहर में 17 दिन बाद तापमान 39 डिग्री पर पहुंचा है। 14 अप्रैल से लगातार तापमान में बढ़ोतरी हो रही थी, हालांकि पारा कुछ कम होने के बाद भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। वहीं दूसरी ओर कोटा ग्रामीण के मंडाना कस्बे में दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। तेज हवा के साथ करीब 10 मिनट तक चने के आकार के ओले गिरे और लगभग आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश से सड़कों पर पानी भर गया और दुकानों के बाहर रखा सामान भी भीग गया। बारिश थमने के बाद फिर तेज धूप निकलने से उमस बढ़ गई, जिससे ग्रामीणों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक बदले मौसम से लोग हैरान नजर आए।