कोटा में मौसम लगातार करवट बदल रहा है, लेकिन गर्मी से राहत अभी भी नहीं मिल रही। बुधवार रात तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद गुरुवार सुबह फिर धूप के तीखे तेवर देखने को मिले। सुबह साढ़े 11 बजे तापमान 37 डिग्री के आसपास पहुंच गया। मौसम विभाग ने आज भी आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है। बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश से शहर व ग्रामीण इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा। कई जगहों पर शादी समारोहों में लगे टेंट उखड़ गए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज हवाओं के कारण बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई और कई इलाकों में लाइट गुल रही। इसी बीच कैथून इलाके के टोडी मोहल्ले में एक मकान मे तेज धमाके के साथ मकान की छत भरभराकर नीचे गिर गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद नहीं थे। मकान मालिक पंकज (26) ने बताया कि रात करीब 10 बजे तेज आंधी-तूफान, बारिश और बिजली चमक रही थी। इसी दौरान अचानक बिजली चली गई, तो वह अपनी पत्नी कृष्णा (24) और दो महीने के बच्चे के साथ घर के बाहर आकर बैठ गए। बाहर आने के एक-दो मिनट बाद ही घर के अंदर तेज धमाका हुआ और छत गिर गई। पंकज ने बताया कि छत पर डली चार पट्टियां टूटकर नीचे गिर गईं। यदि परिवार कुछ देर और अंदर रहता तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल परिवार रिश्तेदार के घर शरण लिए हुए है। पीड़ित परिवार का कहना है कि अब तक प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिली है।