कोटा ग्रामीण कनवास थाना क्षेत्र के हिंगोनिया गांव में खेत से घर लौट रही महिला पर उसके पड़ोसी ने मारपीट कर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई है। परिजन उसे पहले कनवास अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में कोटा रेफर कर दिया गया। महिला का कोटा मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है। घायल महिला की पहचान किर्ता बाई के रूप में हुई है। उसके पति महेंद्र मीणा ने बताया- किर्ता बाई दोपहर में खेत पर गई थी। वहां से चारा लेकर वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में पड़ोस में रहने वाले जोधराज मीणा ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि जोधराज ने पहले उसके साथ मारपीट की और गला दबाया। इसके बाद धारदार रतिया से उसके सिर पर वार कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। महेंद्र मीणा ने बताया- जोधराज पहले भी मेरी पत्नी के साथ विवाद और झगड़ा कर चुका है। इस संबंध में पहले भी थाने में शिकायत दी गई थी। घटना के बाद परिजनों ने कनवास थाने में शिकायत दी। महिला को कोटा किया रेफर कनवास थाना अधिकारी अनूप सिंह ने बताया- महिला के साथ मारपीट की सूचना मिली थी। परिजन उसे कनवास अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां से कोटा रेफर किया गया। पुलिसकर्मी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और महिला के पर्चा बयान लिए। बयान के आधार पर शिकायत दर्ज कर ली गई है। आरोपी जोधराज मीणा की तलाश की जा रही है।